Maharajganj

Maharajganj : परिषदीय विद्यालयों में बच्चों संग अधिकारियों ने मनाई रंगों की होली

 

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले के परिषदीय विद्यालयों में इस बार होली का त्योहार कुछ खास अंदाज में मनाया गया। जिलाधिकारी अनुनय झा के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न विद्यालयों में जाकर बच्चों के साथ होली खेली और उत्सव का आनंद लिया। इस मौके पर न केवल रंगों की बौछार हुई, बल्कि बच्चों को मिठाइयां भी वितरित की गईं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रिद्धि पाण्डेय ने बताया कि जिले के 100 से अधिक विद्यालयों में जिला और ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने बच्चों को होली के महत्व की जानकारी दी और उनके साथ मिलकर इस पारंपरिक उत्सव को हर्षोल्लास से मनाया। अधिकारियों ने विद्यालयों की अवस्थापना सुविधाओं और शिक्षा की गुणवत्ता का भी जायजा लिया। शिक्षकों को शिक्षण व्यवस्था में सुधार हेतु प्रोत्साहित किया गया, जिससे बच्चों को बेहतर शैक्षिक माहौल मिल सके। इस आयोजन के दौरान बच्चों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। अपने बीच अधिकारियों को पाकर वे बेहद खुश नजर आए। बच्चों ने रंगों के साथ खेलते हुए अपनी खुशियों को साझा किया और अधिकारियों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। इससे पूर्व जिलाधिकारी अनुनय झा ने निर्देश दिया था कि समस्त जिलास्तरीय और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, जो बेसिक शिक्षा परिषदीय विद्यालयों के निरीक्षण हेतु जिला एवं ब्लॉक टास्क फोर्स के सदस्य भी हैं, वे 12 मार्च 2025 को अपने आवंटित विद्यालयों का निरीक्षण करेंगे और बच्चों के साथ मिलकर होली का पर्व मनाएंगे। इस अनूठी पहल से न केवल बच्चों को आनंद प्राप्त हुआ, बल्कि विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में भी सकारात्मक कदम उठाया गया।

 

 

यह भी पढ़ें : मनरेगा में धांधली का कमाल,खरीफ़ के मौसम में उगाई जा रही रबी की फसल